दिल्ली की महिला से 12 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाला फिल्म प्रोड्यूसर गिरफ्तार
पवन पंडित क्राइम रिपोर्टर अखण्ड आवाज
पश्चिमी दिल्ली फिल्मों में पैसा लगाने पर नुकसान होने के बाद एक फिल्म निर्माता साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने लगा। पश्चिमी दिल्ली जिला पुलिस की साइबर थाना टीम ने आरोपित को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है।
आरोपित का नाम रुग्वेद अश्विन डेंगले है। इसके कब्जे से पुलिस ने चार स्मार्टफोन, 14 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक, छह पासबुक और 3.45 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले की छानबीन जारी है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि 20 मई को साइबर थाना पुलिस को एक शख्स ने अपने साथ हुई करीब 12.85 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि टेलीग्राम के माध्यम से एक शख्स ने संपर्क किया। फोन करने वाले ने खुद को वित्तीय सलाहकार बताते हुए क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने की सलाह दी। आरोपित ने बताया कि क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर अधिक रिटर्न मिलेगा। शिकायतकर्ता आरोपित के झांसे में आ गया और उसके द्वारा बताई गई जगह पर 12,85,282 रुपए निवेश कर दिया।
यह रकम जमा करने के बाद आरोपित द्वारा बनाए गए खाते में दिखाई देने लगा। लेकिन समस्या तब शुरु हुई जब पीड़ित ने अपना पैसा निकालने की कोशिश की। तब उन्हें खाते से रकम निकालने की अनुमति नहीं दी गई।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुंरत पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार, एसआई अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल सुशांत की टीम ने मामले की छानबीन शुरू की।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपितों ने पीड़ित से निवेश के दौरान 29 अलग अलग बैंक खातों में 12,85,282 रुपये लिए थे। टीम ने पाया कि एक अकाउंट ऐसा था, जिससे पैसा एटीएम के जरिए निकाला जा रहा था। यह खाता पुणे में था।
पुलिस ने इस खाते की जानकारी जुटाई और पुणे में छापा मारा। इस छापेमारी में आरोपित रुग्वेद अश्विन डेंगले को गिरफ्तार किया गया। आरोपित रुग्वेद अश्विन डेंगले ने पुलिस को बताया कि वह फिल्म निर्माता था। वह मराठी फिल्मों में पैसा लगाता था। जिसमें उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
अपने नुकसान को पूरा करने के लिए आरोपित ने साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दी। आरोपित पहले फर्जी खातों की व्यवस्था कर ठगी की गई रकम प्राप्त करता था। वह रकम को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करता था और एटीएम से पैसे निकाल लेता था।